#Balrampur ! बिरसा मुंडा की जयंती पर गूंजा जनजातीय गौरव, थारू संस्कृति की दिखी झलक...
इमिलिया कोडर के थारू संग्रहालय में हुआ आयोजन, बिरसा मुंडा की प्रतिमा का शिलान्यास; योजनाओं के स्टॉल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं आकर्षण
#बलरामपुर। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर रविवार को पचपेड़वा के इमिलिया कोडर स्थित थारू संग्रहालय में जनजातीय गौरव दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, संस्कृति और परंपराओं को नमन किया गया। इस दौरान भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का शिलान्यास भी किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। मुख्य अतिथि महंत देवीपाटन मंदिर मिथलेश नाथ योगी, प्रभारी जिलाधिकारी एवं सीडीओ हिमांशु गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनके संघर्ष, बलिदान और स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को याद किया।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर जनजातीय समाज के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, स्वरोजगार, आवास और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। वहीं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए थारू जनजाति की लोककला, पारंपरिक जीवनशैली और समृद्ध संस्कृति की झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर सीडीओ हिमांशु गुप्ता ने कहा कि जनजातीय समाज के पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।
वक्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन को साहस, स्वाभिमान और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष की प्रेरणा बताते हुए जनजातीय समाज की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर जोर दिया।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य आशुतोष, विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधान, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में थारू समाज के लोग मौजूद रहे।