ई-निबंधन को लेकर सातों अंचलों में जागरूकता शिविर, माइकिंग से भी दी गई जानकारी
जहानाबाद: जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया के निर्देश पर गुरुवार को जिले के सभी सात अंचलों में ई-निबंधन व्यवस्था को लेकर जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। शिविर में नागरिकों और विभिन्न हितधारकों को नई ई-निबंधन प्रक्रिया, सुविधाओं और आवश्यक प्रावधानों की जानकारी दी गई।
शिविर में संबंधित अंचलाधिकारियों ने आमजनों की शंकाओं और सवालों का समाधान किया। अधिकारियों ने बताया कि ई-निबंधन का उद्देश्य निबंधन प्रक्रिया को सरल, सुरक्षित, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाना है।
डीड राइटर्स व अधिवक्ताओं को भी किया जागरूक
नई व्यवस्था को सुचारू रूप से लागू करने के लिए डीड राइटर्स, अधिवक्ताओं, संबंधित पदाधिकारियों समेत अन्य हितधारकों को भी जागरूक किया गया। उन्हें दस्तावेज के प्रकार, क्रेता-विक्रेता का विवरण, भूमि एवं संपत्ति की जानकारी, शुल्क भुगतान, ओटीपी और ई-साइन सहित पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
माइकिंग कर दूर की गई भ्रांतियां
व्यापक जन-जागरूकता के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में माइकिंग के माध्यम से भी ई-निबंधन से संबंधित जानकारी दी गई। लोगों से अपील की गई कि वे अफवाहों और अपुष्ट सूचनाओं पर भरोसा नहीं करें तथा केवल अधिकृत स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही विश्वास करें।
पेपरलेस का मतलब हार्ड कॉपी नहीं मिलना नहीं
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पेपरलेस व्यवस्था का अर्थ यह नहीं है कि निबंधन के बाद नागरिकों को पंजीकृत दस्तावेज की हार्ड कॉपी नहीं मिलेगी। ई-निबंधन की विभागीय प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से होगी, जबकि निबंधन के बाद पंजीकृत दस्तावेज की हार्ड कॉपी पूर्ववत उपलब्ध कराई जाएगी।
डीएसआर कार्यालय में हेल्प डेस्क
ई-निबंधन से जुड़ी तकनीकी सहायता और सही जानकारी उपलब्ध कराने के लिए जिला अवर निबंधक (DSR) कार्यालय में हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है। आम नागरिक यहां संपर्क कर प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि ई-निबंधन को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति या अफवाह पर ध्यान न दें। सही जानकारी के लिए संबंधित अंचल कार्यालय अथवा DSR कार्यालय स्थित हेल्प डेस्क से संपर्क करें और नई ई-निबंधन व्यवस्था का लाभ उठाएं।