सूर्य घर योजना के लंबित आवेदनों का शीघ्र करें निष्पादन
जहानाबाद। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति को लेकर बुधवार को जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में संबंधित पदाधिकारियों, अग्रणी जिला प्रबंधक के प्रतिनिधि और सूचीबद्ध विक्रेताओं के साथ योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। डीएम ने लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन कर अधिक से अधिक पात्र उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ने का निर्देश दिया।
बैंक स्तर पर लंबित आवेदनों की समीक्षा में सामने आया कि 97 पूर्ण आवेदन और 28 स्वीकृत आवेदन ऋण वितरण के लिए लंबित हैं। इस पर डीएम ने अग्रणी जिला प्रबंधक के प्रतिनिधि को संबंधित बैंकों से समन्वय कर जल्द ऋण वितरण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
वहीं, विक्रेताओं के स्तर पर 1,985 आवेदन अनुबंध की प्रक्रिया के लिए लंबित पाए गए। डीएम ने सभी संबंधित विक्रेताओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर अनुबंध की प्रक्रिया पूरी करने तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं करने को कहा। उन्होंने कहा कि आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की सभी प्रक्रियाएं समय पर पूरी हों, ताकि पात्र लाभुकों को योजना का लाभ जल्द मिल सके।
बैठक में योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिकाधिक आवेदन प्राप्त करने पर भी जोर दिया गया। विद्युत विभाग के सभी कनीय अभियंताओं के कार्यों की भी विशेष समीक्षा की गई। खासकर प्रतिमाह 300 यूनिट से अधिक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ने के लिए कराए जा रहे आवेदनों की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दिशा में प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर डीएम ने संबंधित कार्यपालक अभियंता को कनीय अभियंताओं से स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए विद्युत विभाग, बैंक, विक्रेताओं और अन्य संबंधित इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और विक्रेताओं को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन और अधिकाधिक पात्र उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त, कार्यपालक अभियंता विद्युत, जिला विकास पदाधिकारी, सभी कनीय अभियंता समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।