अनुसंधान की गुणवत्ता सुधारने को थानों में रात्रि में केस डायरी लेखन का विशेष सत्र
जहानाबाद: पुलिस अधीक्षक, जहानाबाद के निर्देश पर बुधवार की रात्रि जिले के सभी थाना परिसरों में थानाध्यक्षों की देखरेख में अनुसंधानकर्ताओं के साथ कांड दैनिकी (केस डायरी) लेखन का विशेष सत्र आयोजित किया गया।
सत्र का मुख्य उद्देश्य अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार, लंबित कांडों का त्वरित निष्पादन तथा केस डायरी लेखन के दौरान अनुसंधानकर्ताओं को होने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों का समाधान करना रहा। इस दौरान थानाध्यक्षों ने अनुसंधानकर्ताओं के साथ लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए कांड दैनिकी को अद्यतन एवं व्यवस्थित तरीके से तैयार करने को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
पुलिस अधिकारियों ने अनुसंधानकर्ताओं को निर्देश दिया कि लंबित कांडों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब न हो और प्रत्येक मामले में साक्ष्यों एवं तथ्यों के आधार पर गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित किया जाए। विशेष सत्र के माध्यम से अनुसंधान प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और समयबद्ध बनाने पर जोर दिया गया।