अमैन में खुला जीविका सुधा बिक्री केंद्र, महिलाओं को मिलेगा स्वरोजगार का अवसर
जहानाबाद: ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ने की दिशा में जीविका की पहल को बढ़ावा मिला है। बुधवार को जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया ने अमैन पंचायत में जीविका दीदी हीरामणि देवी द्वारा संचालित ‘जीविका सुधा बिक्री केंद्र’ का फीता काटकर उद्घाटन किया।
जीविका एवं कॉम्फेड (मगध मिल्क यूनियन, सुधा) के संयुक्त तत्वावधान में शुरू किए गए इस केंद्र का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के साथ गांव स्तर पर गुणवत्तापूर्ण सुधा दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराना है।
उद्घाटन के अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि जीविका के माध्यम से महिलाओं को विभिन्न आर्थिक गतिविधियों से जोड़कर उनके स्वावलंबन को लगातार मजबूत किया जा रहा है। जीविका सुधा बिक्री केंद्रों का संचालन महिलाओं द्वारा किए जाने से उन्हें नियमित आय के साथ व्यवसाय संचालन और नेतृत्व का अवसर भी मिलेगा।
उन्होंने केंद्र की संचालक जीविका दीदी हीरामणि देवी को नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं तथा केंद्र का बेहतर संचालन करने और ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए प्रोत्साहित किया।
अमैन पंचायत में चयन प्रक्रिया के तहत चयनित हीरामणि देवी इस बिक्री केंद्र का संचालन करेंगी। कार्यक्रम में मौजूद पदाधिकारियों ने इस पहल को महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। वहीं, बड़ी संख्या में मौजूद जीविका दीदियों, कैडर और स्थानीय ग्रामीणों ने हीरामणि देवी को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मगध मिल्क यूनियन कॉम्फेड के प्रबंध निदेशक हेमेंद्र कुमार, जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक विनय कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी, जीविका दीदियां, कैडर और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।