गुरु रविदास जयंती पर काको में विशेष विकास शिविर, डीएम ने 22 स्टॉलों का किया निरीक्षण
जहानाबाद : संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को काको प्रखंड के देवरिया पंचायत में विशेष विकास शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया ने गुरु रविदास जी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
शिविर में जिला पदाधिकारी ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग सहित विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए 22 स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न योजनाओं और सेवाओं के संबंध में जानकारी ली तथा पदाधिकारियों को आमजनों को योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराने और पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने का निर्देश दिया।
स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल के निरीक्षण के दौरान डीएम ने एनीमिया और टीबी को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को लोगों को दोनों बीमारियों के लक्षण, समय पर जांच कराने के महत्व और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी देने का निर्देश दिया। साथ ही आमजनों को समय पर जांच के लिए प्रेरित करने को कहा।
जिला पदाधिकारी ने शिविर में मौजूद लोगों से संवाद कर सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और पात्र लाभुकों को समयबद्ध तरीके से लाभान्वित करने का निर्देश दिया।
विशेष विकास शिविर में एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई। इससे आम लोगों के लिए सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया को सुगम बनाने में मदद मिली।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पियूष, निदेशक ग्रामीण विकास अभिकरण, जिला कल्याण पदाधिकारी, काको के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी समेत जिला एवं प्रखंड स्तर के अन्य पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।