54 नल-जल योजनाएं हुईं क्रियाशील, 28 योजनाओं की मरम्मत बाकी
, जहानाबाद। जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया के निर्देश पर जिले में अक्रियाशील नल-जल योजनाओं को दुरुस्त करने का काम तेज कर दिया गया है। जिले में चिन्हित 82 अक्रियाशील नल-जल योजनाओं में अब तक 54 योजनाओं की मरम्मत पूरी कर उन्हें फिर से चालू कर दिया गया है। वहीं, 28 योजनाओं की मरम्मत अभी शेष है।
जानकारी के अनुसार, पूर्व दिवस तक 44 नल-जल योजनाओं की मरम्मत पूरी कर ली गई थी। गुरुवार को 10 और योजनाओं की मरम्मत पूरी होने के बाद इन्हें क्रियाशील कर दिया गया। इसके साथ ही अब तक 54 योजनाएं आम लोगों को पेयजल उपलब्ध कराने लगी हैं।
जिला पदाधिकारी ने शेष 28 अक्रियाशील योजनाओं की मरम्मत को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों व अभियंताओं को दिया है। उन्होंने आमजनों को निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ मरम्मत के बाद चालू की गई योजनाओं की नियमित निगरानी करने का भी निर्देश दिया है, ताकि योजनाएं लगातार क्रियाशील बनी रहें।