प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, लखीसराय।
दिनांक : 22.09.2026
माननीय मुख्यमंत्री के कर-कमलों द्वारा पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के तहत लाभार्थियों के खाते में अनुदान हस्तांतरण एवं सोलर प्रोत्साहन योजना का शुभारंभ
बिहार सरकार के ऊर्जा विभाग द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना को जन-जन तक पहुंचाने एवं अधिकाधिक परिवारों को रूफटॉप सोलर से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित “सोलर सेवा सेतु कैंप” के तहत आज दिनांक 22 सितंबर 2026 को माननीय मुख्यमंत्री, बिहार के कर-कमलों द्वारा पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत लाभार्थियों के खाते में अतिरिक्त राज्य अनुदान के हस्तांतरण तथा सोलर प्रोत्साहन योजना का शुभारंभ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया।
लखीसराय जिले में उक्त कार्यक्रम का सीधा प्रसारण मंत्रणा कक्ष, समाहरणालय, लखीसराय में देखा गया। इस अवसर पर संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया।
प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य घरों की छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कर परिवारों को स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा से जोड़ना तथा बिजली के खर्च को कम करने में सहायता प्रदान करना है। बिहार सरकार द्वारा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अधिकाधिक परिवारों को इसका लाभ उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त राज्य अनुदान का प्रावधान किया गया है।
योजना के तहत 1 किलोवाट क्षमता के रूफटॉप सोलर संयंत्र के लिए केंद्र सरकार की ओर से ₹30,000 तथा बिहार सरकार की ओर से ₹10,000, अर्थात कुल ₹40,000 तक की वित्तीय सहायता उपलब्ध है। इसी प्रकार 2 किलोवाट के लिए केंद्र सरकार की ओर से ₹60,000 एवं राज्य सरकार की ओर से ₹20,000, कुल ₹80,000 तथा 3 किलोवाट एवं उससे अधिक क्षमता के लिए केंद्र सरकार की ओर से ₹78,000 एवं बिहार सरकार की ओर से ₹20,000, कुल ₹98,000 तक की सहायता का प्रावधान है।
बिहार सरकार द्वारा अतिरिक्त राज्य अनुदान का प्रावधान 31 मार्च 2027 तक किया गया है। साथ ही, सोलर संयंत्र की स्थापना के लिए आसान किस्तों पर 5.75 प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
“सोलर सेवा सेतु कैंप” अभियान 17 सितंबर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इसके माध्यम से प्रखंड स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार, ऑनलाइन पंजीकरण तथा इच्छुक लाभार्थियों को रूफटॉप सोलर स्थापना की प्रक्रिया में आवश्यक मार्गदर्शन एवं सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला प्रशासन, लखीसराय द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि जिले के सभी प्रखंडों में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए पात्र एवं इच्छुक लाभार्थियों को आवेदन, पंजीकरण एवं सोलर संयंत्र स्थापना की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए, ताकि अधिकाधिक परिवार योजना से लाभान्वित हो सकें।
Samrat Choudhary
PM Surya Ghar: Muft Bijli Yojana
#CMSamrat
#samratchoudhary
1 views | Lakhisarai, Bihar | Sep 22, 2026