*अभियान बसेरा के तहत भूमिहीन परिवारों को मिलेगा भूमि का लाभ, आवेदन के लिए पटना जाने की आवश्यकता नहीं।*
भूमिहीन परिवारों को आवासीय भूमि उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित “अभियान बसेरा” के अंतर्गत पात्र भूमिहीन परिवारों को भूमि का लाभ प्रदान किया जा रहा है। इस योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए पात्र परिवारों को आवेदन जमा करने हेतु राज्य मुख्यालय, पटना जाने की आवश्यकता नहीं है। इच्छुक एवं पात्र लाभुक अपना आवेदन अपने संबंधित अंचल कार्यालय में ही जमा कर सकते हैं।
अभियान बसेरा के तहत पात्र भूमिहीन परिवारों को नियमानुसार भूमि उपलब्ध कराते हुए बंदोबस्त प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। इसके लिए संबंधित अंचल कार्यालय द्वारा प्राप्त आवेदनों की जांच एवं आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी तथा पात्रता के आधार पर लाभुकों को योजना का लाभ दिया जाएगा।
इस अभियान के अंतर्गत विशेष रूप से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग के पात्र भूमिहीन परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर भूमि का लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने पात्र भूमिहीन परिवारों से अपील की है कि वे योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए किसी बिचौलिये के झांसे में न आएं और सीधे अपने संबंधित अंचल कार्यालय से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त करें तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन जमा करें।
अभियान बसेरा का उद्देश्य पात्र भूमिहीन परिवारों को आवासीय भूमि उपलब्ध कराकर उन्हें सुरक्षित आवास एवं सम्मानजनक जीवन की दिशा में सहायता प्रदान करना है। पात्र परिवार इस अवसर का लाभ उठाते हुए अपने अंचल कार्यालय में संपर्क करें।