प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक: 22 सितंबर 2026
नो-एंट्री में प्रवेश करने वाले 5 ट्रैक्टर जब्त, ₹61,000 का चालान
जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार शहर में जाम की समस्या के समाधान एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से जिला परिवहन विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।
जेल मोड़ एवं जिला परिवहन कार्यालय (DTO Office) से मुड़ने वाली सड़क पर किसी भी प्रकार के व्यावसायिक वाहन, जैसे ट्रैक्टर, ट्रक एवं पिकअप आदि का प्रवेश पूर्णतः वर्जित है। उक्त मार्ग पर व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश के कारण जाम की समस्या उत्पन्न होने तथा प्राप्त शिकायतों के आलोक में आज परिवहन विभाग द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान नो-एंट्री क्षेत्र में प्रवेश करने वाले 5 ट्रैक्टरों को जब्त किया गया। उक्त वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल ₹61,000 का चालान किया गया।
जिला परिवहन विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि नो-एंट्री एवं यातायात संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध आगे भी लगातार सघन अभियान चलाया जाएगा। आम वाहन चालकों से अपील है कि वे निर्धारित यातायात नियमों एवं नो-एंट्री व्यवस्था का पालन करें तथा शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में जिला प्रशासन का सहयोग करें।
#Lakhisarai
#ट्रैफिक
#roadsafty
Transport Department, Government of Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar