कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा), लखीसराय के तत्वावधान में जिले के कुल 100 (एक सौ) प्रगतिशील कृषकों को आज दिनांक 22.09.2026 को एक दिवसीय राज्य स्तरीय कृषक परिभ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत वृंदावन, नावकोठी, जिला-बेगूसराय के लिए रवाना किया गया।
इस कृषक परिभ्रमण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कृषकों को कागजी नींबू की उन्नत खेती एवं बीजरहित नींबू की खेती की वैज्ञानिक तकनीकों से अवगत कराना तथा व्यावहारिक रूप से अपनाई जा रही सफल कृषि पद्धतियों का प्रत्यक्ष अवलोकन कराना है।
परिभ्रमण के दौरान कृषकों को नींबू की उन्नत किस्मों का चयन, गुणवत्तापूर्ण पौध सामग्री, पौध रोपण एवं बाग प्रबंधन, सिंचाई एवं पोषक तत्व प्रबंधन, कीट-व्याधि नियंत्रण, फल उत्पादन एवं तुड़ाई के साथ-साथ बीजरहित नींबू के उत्पादन की तकनीक के संबंध में विशेषज्ञों एवं प्रगतिशील कृषकों से जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के माध्यम से कृषकों को कम लागत में अधिक उत्पादन, गुणवत्तापूर्ण उपज तथा कृषि से बेहतर आय प्राप्त करने की दिशा में प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही, सफल कृषकों द्वारा अपनाई जा रही तकनीकों का अनुकरण कर जिले में नींबू की वैज्ञानिक एवं व्यावसायिक खेती को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
आत्मा, लखीसराय द्वारा आयोजित इस प्रकार के कृषक परिभ्रमण कार्यक्रमों का उद्देश्य जिले के कृषकों में नई एवं लाभकारी कृषि तकनीकों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, ज्ञान का आदान-प्रदान करना तथा कृषि को अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ व्यवसाय के रूप में विकसित करना है।
Samrat Choudhary
Department of Agriculture, Government of Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
#samratchoudhary
#CMSamrat
#lakhisarai