154 एएसआइ बने दारोगा, पुलिस केंद्र में हुआ पिपिंग समारोह
जहानाबाद : पुलिस विभाग में पदोन्नति पाने वाले पुलिस पदाधिकारियों के सम्मान में शनिवार को पुलिस केंद्र, जहानाबाद में पिपिंग समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में सहायक अवर निरीक्षक (एएसआइ) से पुलिस अवर निरीक्षक (एसआइ) के उच्चतर पद पर प्रोन्नत हुए 154 पुलिस पदाधिकारियों को पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने स्टार लगाकर नई जिम्मेदारी के लिए कार्यकारी प्रभार सौंपा। पदोन्नति के बाद पुलिस पदाधिकारियों के चेहरे पर उत्साह और खुशी दिखाई दी।
समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रोन्नत सभी पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पदोन्नति के साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ती हैं। नई भूमिका में पुलिस पदाधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आम लोगों की सुरक्षा और शिकायतों के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देनी होगी। उन्होंने सभी से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस पदाधिकारियों के कार्य व्यवहार का सीधा प्रभाव आम लोगों के बीच पुलिस की छवि पर पड़ता है। ऐसे में पदोन्नत पदाधिकारियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते समय अनुशासन, संवेदनशीलता और कानून के प्रति प्रतिबद्धता बनाए रखनी होगी। उन्होंने अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था, आम जनता की सुरक्षा तथा पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया।
पिपिंग समारोह के दौरान वरीय पुलिस पदाधिकारियों ने भी प्रोन्नत पुलिस अवर निरीक्षकों को शुभकामनाएं दीं। स्टार लगाए जाने के बाद सभी पदाधिकारियों ने नई जिम्मेदारी के अनुरूप कार्य करने का संकल्प लिया। समारोह में पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मियों की मौजूदगी रही।
इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी घोषी, पुलिस उपाधीक्षक साइबर क्राइम, पुलिस उपाधीक्षक यातायात तथा पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान पुलिस केंद्र का माहौल उत्साहपूर्ण रहा। पदोन्नति पाने वाले पदाधिकारियों के लिए यह अवसर उनके सेवाकाल का महत्वपूर्ण पड़ाव रहा।