अभियान बसेरा के पर्चे के लिए पटना जाने की जरूरत नहीं, अंचल कार्यालय में करें आवेदन
जहानाबाद : अभियान बसेरा-02 के तहत भूमिहीन परिवारों को पर्चा वितरण को लेकर जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। भूमिहीन लोगों के पर्चा प्राप्त करने के लिए राज्य मुख्यालय जाने की सूचना पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव ने शनिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के अधिकारियों के साथ समीक्षा की। इसमें जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के साथ एसपी कोटा किरण कुमार, डीडीसी और अपर समाहर्ता राजस्व शामिल हुए।
वीडियो कांफ्रेंसिंग में निर्देश दिया गया कि पात्र भूमिहीन परिवारों से पर्चा के लिए आवेदन संबंधित अंचल कार्यालय में ही लिया जाए। इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कर लोगों को प्रक्रिया की जानकारी दी जाए। वीसी के बाद डीएम ने जिला कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, विकास मित्र और सभी अंचलाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि विकास मित्रों के माध्यम से गांव-गांव में पात्र भूमिहीन परिवारों को अंचल कार्यालय में आवेदन करने की जानकारी दी जाए। आवेदन प्राप्त करने से लेकर जांच और निष्पादन तक की प्रक्रिया को सरल और प्रभावी बनाया जाए, ताकि लाभुकों को पर्चा लेने के लिए राज्य मुख्यालय जाने की आवश्यकता न पड़े।
एसपी कोटा किरण कुमार को पर्चा वितरण के नाम पर लोगों को राज्य मुख्यालय जाने के लिए प्रेरित या संगठित करने वाले लोगों को चिह्नित करने और ऐसी गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई का निर्देश दिया गया। डीएम ने जिले के भूमिहीन परिवारों से संबंधित अंचल कार्यालय में आवेदन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पात्र परिवारों को नियमानुसार भूमिहीन पर्चा उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है।