रात्रि में थाना परिसरों में केस डायरी लेखन सत्र, अनुसंधान की गुणवत्ता सुधारने पर जोर
जहानाबाद : पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के निर्देश पर शुक्रवार की रात जिले के सभी थाना परिसरों में कांड दैनिकी (केस डायरी) लेखन सत्र आयोजित किया गया। थानाध्यक्षों के नेतृत्व में आयोजित सत्र में अनुसंधानकर्ताओं ने लंबित कांडों की केस डायरी तैयार करने और अनुसंधान से जुड़ी प्रगति की समीक्षा की।
इस दौरान अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन और केस डायरी लेखन में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों के समाधान पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने अनुसंधानकर्ताओं को केस डायरी में आवश्यक तथ्यों एवं साक्ष्यों का स्पष्ट और व्यवस्थित उल्लेख करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित मामलों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं करने की हिदायत दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नियमित केस डायरी लेखन सत्र से अनुसंधानकर्ताओं को मौके पर मार्गदर्शन मिलेगा और कांडों के निष्पादन की गति बढ़ेगी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आगे भी इस तरह के सत्र आयोजित कर अनुसंधान की गुणवत्ता की लगातार समीक्षा की जाएगी।