कायाकल्प की 10 योजनाओं का डीएम ने किया स्थल निरीक्षण, समय पर काम पूरा करने का निर्देश
जहानाबाद : काको प्रखंड की अमथुआ पंचायत में कायाकल्प योजना के तहत चयनित 10 योजनाओं का जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने शनिवार को स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं को कायाकल्प पोर्टल पर अपलोड कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य शुरू कराने और पूरा करने का निर्देश दिया।
कायाकल्प योजना के तहत पंचायत में पंचायत सरकार भवन व विद्यालय की घेराबंदी, आंगनवाड़ी केंद्र का जीर्णोद्धार, विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष व चहारदीवारी निर्माण, शवदाह गृह, नाला, सामुदायिक भवन और पेवर ब्लॉक से जुड़े कार्य शामिल हैं। इसके अलावा महादलित टोला में नाली एवं पीसीसी निर्माण की योजना भी चयनित की गई है।
डीएम ने निर्देश दिया कि मरम्मती एवं सुधार से संबंधित सभी कार्य 30 नवंबर 2026 तक तथा नए निर्माण से जुड़ी योजनाएं 31 मार्च 2027 तक हर हाल में पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि योजनाओं का चयन केवल कागज तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि निर्धारित समय में धरातल पर कार्य दिखाई देना चाहिए और इसका सीधा लाभ ग्रामीणों को मिलना चाहिए।
उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता और उपयोगिता पर विशेष ध्यान देने के साथ नियमित अनुश्रवण का निर्देश दिया। कहा कि कायाकल्प योजना के माध्यम से पंचायत में शिक्षा, आंगनवाड़ी, सड़क, नाली-गली और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करते हुए समग्र विकास किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत राज पदाधिकारी राज कुमार सिन्हा, निदेशक एनईपी डॉ. सुदर्शन कुमार, बीडीओ काको आशिष कुमार, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अन्य उपस्थित थे।