काको में शनिवारीय जनता दरबार, 34 राजस्व मामलों की हुई सुनवाई
जहानाबाद : काको अंचल में शनिवार को आयोजित शनिवारीय जनता दरबार में जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने आमजनों की शिकायतें और राजस्व संबंधी मामलों की सुनवाई की। जनता दरबार में कुल 34 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें दाखिल-खारिज, परिमार्जन, लगान में त्रुटि और भूमि विवाद से जुड़े मामले शामिल रहे। छह द्विपक्षीय मामलों की भी सुनवाई की गई।
जनता दरबार में बालमुकुंद शाह के मामले में अंचल अमीन और संबंधित राजस्व कर्मचारी को स्थल जांच कर प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया गया। कांति देवी के मकान निर्माण में व्यवधान के मामले में दोनों पक्षों को नोटिस जारी कर अगली तिथि पर उपस्थित कराने को कहा गया। सिकरिया निवासी बिरेंद्र कुमार के बिहार सरकार की भूमि पर अतिक्रमण के मामले में स्थल जांच का निर्देश दिया गया।
कमिंदर राम के खाता, खेसरा और रकबा संबंधी मामले में अमीन के मापी प्रतिवेदन के आधार पर अभिलेख अद्यतन करने को कहा गया। बढ़ौना निवासी राहुल कुमार के अतिक्रमण संबंधी मामले में पुलिस बल की मांग कर अतिक्रमण हटाने की तिथि निर्धारित करने तथा अशिया निवासी नरेश शर्मा के मामले में अंचलाधिकारी को स्थल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
जनता दरबार में अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी, काको, पाली व भेलावर थानाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने शेष मामलों की भी अभिलेख और तथ्यों के आधार पर जांच कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।