ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, शव की हुई पहचान
मखदुमपुर : पटना-गया रेलखंड के टेहटा रेलवे स्टेशन के समीप शनिवार को ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। गया से पटना की ओर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर जहानाबाद जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मृतक की पहचान अरवल जिले के रामपुर चौरम थाना क्षेत्र के देवकुली गांव निवासी 32 वर्षीय जुगेश चंद्रा के रूप में हुई है। स्वजनों के अनुसार वह शनिवार दोपहर करीब 12 बजे घर से बिना कुछ बताए निकला था। इसके बाद उसकी मौत की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वजनों में कोहराम मच गया। जीआरपी पुलिस मामले की जांच कर रही है।