जहानाबाद : जमाबंदी में त्रुटियों के सुधार को लेकर विशेष अभियान तेज होगा। जिले में 1.22 लाख जमाबंदियों को मूल अभिलेख से मिलान कर दुरुस्त करने का लक्ष्य रखा गया है। शुक्रवार को समाहरणालय में अभियान बसेरा-02 एवं जमाबंदी अद्यतीकरण अभियान की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया।
15 सितंबर से 31 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान में डिजिटाइज्ड जमाबंदी का रजिस्टर-2 की स्कैन प्रति से मिलान किया जाएगा। रैयत का नाम, पिता का नाम, खाता-खेसरा संख्या, रकबा, लगान समेत अन्य विवरणों में मिली त्रुटियों को मूल अभिलेख के आधार पर सुधारा जाएगा। मृत रैयतों की पहचान कर उनके वैध उत्तराधिकारियों के नाम नामांतरण की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।
अधिकारियों को प्रत्येक मौजा में प्रति माह न्यूनतम पांच उत्तराधिकार नामांतरण कराने का निर्देश दिया गया है। कार्यों की गुणवत्ता की जांच के लिए भूमि सुधार उप समाहर्ता पांच प्रतिशत, अपर समाहर्ता दो प्रतिशत और समाहर्ता एक प्रतिशत मामलों का रैंडम सत्यापन करेंगे।
बैठक में अभियान बसेरा-02 की भी समीक्षा हुई। पात्र लाभुकों के बीच आगामी 20 नवंबर को दोबारा पर्चा वितरण किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा गया। वहीं, ई-मापी की समीक्षा में प्रति अमीन प्रतिदिन न्यूनतम दो मापी कराने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।