जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों एवं योजनाओं की समीक्षा बैठक समाहरणालय सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में एएनसी, संस्थागत प्रसव, सी-सेक्शन, पूर्ण टीकाकरण, परिवार नियोजन, टीबी, आयुष्मान भारत, टेली-कंसल्टेशन, रेफरल सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाओं एवं अस्पतालों की व्यवस्था की समीक्षा की गई।
बैठक में पिछले माह की तुलना में विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों में हुई प्रगति पर चर्चा की गई । जिन प्रखंडों एवं स्वास्थ्य संस्थानों की उपलब्धि अभी भी कम है, वहां विशेष प्रयास कर सुधार करने का निर्देश दिया गया।
एएनसी एवं संस्थागत प्रसव की समीक्षा के दौरान पिछले माह की तुलना में हुई प्रगति पर संतोष व्यक्त किया गया। संस्थागत प्रसव में जिले की उपलब्धि 48.69 प्रतिशत से बढ़कर 69.26 प्रतिशत हो गई है। इसी प्रकार सी-सेक्शन सेवाओं में जिले की उपलब्धि 22.18 प्रतिशत से बढ़कर 42.55 प्रतिशत हो गई है। रात्रि में किए गए सी-सेक्शन की संख्या 02 से बढ़कर 10 हो गई है।
बैठक में यह भी बताया गया कि पूर्व की तुलना में मरीजों के रेफरल में कमी आई है, जो स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर उपचार एवं सेवाएं उपलब्ध होने का सकारात्मक परिणाम है। इसके साथ ही सदर अस्पताल, बांका में सर्जरी की संख्या में भी पूर्व की तुलना में बढ़ोतरी हुई है। जिला पदाधिकारी ने इस प्रगति को बनाए रखने तथा सर्जरी सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर करने का निर्देश दिया।
परिवार नियोजन कार्यक्रम में जिले की उपलब्धि 26.63 प्रतिशत से बढ़कर 36.08 प्रतिशत हो गई है। कम उपलब्धि वाले क्षेत्रों के कारणों की पहचान कर विशेष कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया गया। साथ ही सी-सेक्शन सेवाओं को और मजबूत करने, ब्लड स्टोरेज यूनिट को बेहतर तरीके से संचालित करने तथा अनावश्यक रेफरल को और कम करने पर जोर दिया गया।
परिवार नियोजन में कम उपलब्धि वाले क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने, संभावित लाभार्थियों से संपर्क करने तथा प्रोत्साहन राशि के भुगतान की स्थिति की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया गया।
पूर्ण टीकाकरण एवं नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा में पिछले माह की तुलना में हुई प्रगति पर संतोष व्यक्त किया गया। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में टीकाकरण की उपलब्धि कम है, वहां लाभार्थियों की पहचान कर विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए नियमित मॉनिटरिंग करने का भी निर्देश दिया।
बैठक में टीबी एवं अन्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रमों की उपलब्धि में सुधार के साथ-साथ संबंधित पोर्टल पर सही एवं समय पर डेटा की प्रविष्टि भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि गलत या विलंब से की गई रिपोर्टिंग के कारण जिले की वास्तविक उपलब्धि प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
आयुष्मान भारत योजना के तहत कार्ड निर्माण एवं क्लेम सबमिशन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिन संस्थानों में उपलब्धि कम है, वहां तकनीकी एवं अन्य समस्याओं का जल्द समाधान कर कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
बैठक के दौरान कम उपलब्धि वाले प्रखंडों एवं स्वास्थ्य संस्थानों के कार्यों पर गंभीरता से चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सुधार के लिए ठोस एवं समयबद्ध कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया।
विशेष रूप से शंभूगंज एवं बेलहर प्रखंड में कम उपलब्धि तथा कार्यों में लापरवाही को लेकर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सभी कार्यक्रमों में लक्ष्य के अनुसार प्रगति सुनिश्चित की जाए। जहां अपेक्षित सुधार नहीं होगा, वहां संबंधित लोगों की जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिला पदाधिकारी ने अस्पतालों में मरीजों एवं उनके परिजनों के साथ संवेदनशील, सहयोगात्मक एवं विनम्र व्यवहार करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि डॉक्टर, नर्स, एएनएम, सुरक्षा गार्ड, रजिस्ट्रेशन काउंटर सहित सभी कर्मियों को अपने दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन करना होगा। किसी भी मरीज या उनके परिजनों को अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में सिविल सर्जन, बांका द्वारा अस्पतालों की साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, स्ट्रेचर एवं व्हीलचेयर की व्यवस्था, इमरजेंसी सेवाओं तथा एम्बुलेंस की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। एम्बुलेंस की गतिविधियों का मूवमेंट रजिस्टर नियमित रूप से संधारित करने तथा आपातकालीन स्थिति में मरीजों को तुरंत आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। बिजली बाधित होने की स्थिति में जनरेटर एवं अन्य वैकल्पिक व्यवस्थाओं की नियमित जांच करने को भी कहा गया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में ऐसी कोई स्थिति नहीं होनी चाहिए, जिससे मरीजों को परेशानी हो या स्वास्थ्य विभाग की छवि प्रभावित हो। सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र की नियमित मॉनिटरिंग कर कमियों को समय रहते दूर करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा बांका जिला अंतर्गत सभी सरकारी अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में पदस्थापित पदाधिकारियों तथा स्वास्थ्य कर्मियों की शत-प्रतिशत बायोमैट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया गया।
सभी स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली, संस्थागत प्रसव, आवश्यक दवाओं एवं जीवनरक्षक उपकरणों की निर्बाध उपलब्धता तथा स्वास्थ्य विभाग के नव-निर्मित भवनों को शीघ्र क्रियाशील बनाने का आदेश दिया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा निजी अल्ट्रासाउंड केंद्रों एवं पैथोलॉजी जांच घरों की नियमित जांच व सतत निगरानी करने तथा मानकों के विपरीत संचालित संस्थानों पर त्वरित कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा जिले में ब्लड बैंक सेंटर को अविलंब पूरी तरह क्रियाशील बनाने एवं परिवार नियोजन (फैमिली प्लानिंग) योजना के तहत लाभार्थियों की लंबित राशि का शीघ्र वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा जिले के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करने वाले आमजनों तक सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं एवं प्राथमिक चिकित्सा सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक स्वास्थ्य कार्यक्रम की उपलब्धि में लगातार सुधार दिखना चाहिए। सभी संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को लक्ष्य के अनुसार कार्य करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि जहां अपेक्षित सुधार नहीं होगा और कार्यों में लापरवाही पाई जाएगी, वहां संबंधित लोगों की जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उक्त बैठक में डॉ. जितेन्द्र कुमार सिंह, सिविल सर्जन, प्रभारी संचारी रोग पदाधिकारी, प्रभारी गैर संचारी रोग पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला लेखा प्रबंधक, जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी, जिला सामुदायिक उत्प्रेरक, अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी (DMHP), जिला सलाहकार गुणवत्ता यकीन, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक, जिला कार्यक्रम समन्वयक, आयुष्मान भारत एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।
Banka, Bihar | Aug 22, 2026