#बालाघाट
गर्भवती महिलाओं और बच्चों को स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाएं उपलब्ध कराने दोनों विभागों में बनेगा बेहतर समन्वय
उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं और कुपोषित बच्चों की नियमित निगरानी के निर्देश
गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को जिला आयुष कार्यालय के सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग की संयुक्त समन्वय बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर आदित्य सिंह के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र सुन्द्रियाल के मार्गदर्शन में परियोजना बालाघाट ग्रामीण के अंतर्गत आयोजित इस बैठक में दोनों विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में निर्देश दिए गए कि गर्भवती महिलाओं का पंजीयन पहली तिमाही में ही सुनिश्चित किया जाए तथा उनकी नियमित प्रसव पूर्व जांच कराई जाए। उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं और एनीमिया से पीड़ित महिलाओं को चिन्हित कर नियमित फॉलोअप किया जाए तथा संस्थागत प्रसव सुनिश्चित कराया जाए। ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और एएनएम के समन्वय से बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में गंभीर एवं मध्यम कुपोषित बच्चों की संयुक्त रूप से पहचान कर गंभीर कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र भेजने तथा वहां से छुट्टी के बाद नियमित निगरानी करने पर जोर दिया गया। इसके अलावा आयरन-फोलिक एसिड, कृमिनाशक दवाओं एवं विटामिन-ए का समय पर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नवजात शिशुओं को जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान, छह माह तक केवल स्तनपान तथा इसके बाद उचित पूरक आहार के संबंध में माताओं को जागरूक करने की बात कही गई।
दोनों विभागों के पोषण ट्रैकर एवं स्वास्थ्य विभाग के आरसीएच और यू-विन पोर्टल के आंकड़ों का प्रतिमाह मिलान करने तथा मातृ एवं शिशु मृत्यु की रोकथाम के लिए जोखिम वाले मामलों की जानकारी तत्काल साझा करने के निर्देश दिए गए। सेक्टर स्तर पर पर्यवेक्षकों एवं एएनएम की संयुक्त मासिक बैठक नियमित रूप से आयोजित करने पर भी सहमति बनी। बैठक में परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) शैलेंद्र कुमार चौकसे, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. करिश्मा सिल्लारे, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर किशोर टेंभुरे सहित दोनों विभागों के पर्यवेक्षक एवं एएनएम उपस्थित रहे।
#cmmadhyprdesh #JansamparkMP #healthminmp #MP_wcdmp