#बालाघाट
एसडीएम विजय सिंह यादव ने किया गांवों का भ्रमण, पटवारियों को रोज 40 से 50 रजिस्ट्री के दिये निर्देश
स्वामित्व योजना के तहत रजिस्ट्री कार्यों की प्रगति का निरीक्षण करने एसडीएम विजय सिंह यादव ने बुधवार सुबह कटंगी विकासखंड के विभिन्न गांवों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने लक्ष्य के विरुद्ध कम प्रगति वाले गांवों में पहुंचकर संबंधित पटवारियों से कार्य की जानकारी ली और रजिस्ट्री कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
एसडीएम श्री यादव ने ग्राम उमरी, लखनवाड़ा, बोपली एवं घुनाड़ी का भ्रमण किया। उन्होंने ग्रामीणों को योजना की जानकारी देते हुए बताया कि जिन हितग्राहियों के नाम पर पट्टा जारी हो चुका है, उन्हें शासन द्वारा निःशुल्क रजिस्ट्री की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपने ऐसे रिश्तेदारों को भी योजना की जानकारी देने की अपील की, जो गांव से बाहर हैं, ताकि वे गांव पहुंचकर पटवारी से संपर्क कर अपनी रजिस्ट्री करा सकें। उन्होंने कोटवार एवं सर्वेयर को भी अधिक से अधिक लोगों को बुलाकर रजिस्ट्री कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पटवारियों को निर्देशित किया कि दिन में सर्वर संबंधी समस्या आने पर रात्रिकालीन कैंप आयोजित कर रजिस्ट्रियां संपादित करें। एसडीएम श्री यादव ने पटवारियों को लगातार 3 से 4 दिन रात्रि कैंप लगाने तथा प्रतिदिन न्यूनतम 40 से 50 रजिस्ट्रियां करने का लक्ष्य दिया गया।
आंगनबाड़ी केंद्र का किया निरीक्षण, पोषण आहार की ली जानकारी
एसडीएम श्री यादव ने ग्राम घुनाड़ी में आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौजूद आंगनवाडी कार्यकर्ता से बच्चों को दिए जाने वाले पोषण आहार की जानकारी ली। एसडीएम श्री यादव ने निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार बेहतर शिक्षण भी उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने 11 से 20 तारीख तक आयोजित होने वाले वजन मेले में सभी बच्चों का वजन कराने तथा अभिभावकों को बच्चों की उम्र के अनुसार उचित वजन की जानकारी देने के निर्देश दिए। साथ ही वजन में कमी अथवा वृद्धि के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों के प्रति जागरूक करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने महिलाओं को दी जाने वाली आयरन एवं फोलिक एसिड की गोलियों की भी जानकारी ली। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को बताया कि एनीमिया महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी गंभीर समस्या है। इसलिए गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को निर्धारित 200 आयरन गोलियां अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने महिलाओं को गोलियों के सही सेवन की जानकारी देने तथा एनीमिया से बचाव के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए, ताकि महिलाएं स्वस्थ रहें और स्वस्थ बच्चों के जन्म में सहभागी बन सकें।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#mprevenudeptt