#बालाघाट
केवलारी में जल अर्पण दिवस मनाया, पंचायत को सौंपी नल-जल योजना
ग्रामीणों ने जल संरक्षण का लिया संकल्प, प्रभात फेरी निकालकर दिया पानी बचाने का संदेश
विकासखंड बैहर के ग्राम केवलारी में बुधवार को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जल अर्पण दिवस मनाया गया। इस अवसर पर गांव की नल-जल योजना औपचारिक रूप से ग्राम पंचायत एवं स्थानीय समुदाय को हस्तांतरित की गई। विभाग के कार्यपालन यंत्री बी.एल. उइके के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और जल संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों ने जल संरक्षण के नारों के साथ प्रभात फेरी निकाली। इसके बाद जल स्रोतों की पूजा-अर्चना कर जल वंदना की गई तथा नल-जल योजना की संरचनाओं का जल श्रृंगार किया गया। उपस्थित ग्रामीणों को पानी की प्रत्येक बूंद बचाने, जल स्रोतों को स्वच्छ रखने और पानी का अपव्यय रोकने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम सरपंच बोधन सिंह मरकाम ने कहा कि शुद्ध पेयजल प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। नल-जल योजना से ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार होगा। उन्होंने ग्रामीणों से योजना को अपनी संपत्ति समझकर उसकी देखरेख और नियमित संचालन में सहयोग करने की अपील की। ग्राम पंचायत सचिव दुर्गा डेविड शरणागत ने जल का अपव्यय रोकने, नियमित रूप से जलकर जमा करने तथा योजना के रखरखाव में सामूहिक जिम्मेदारी निभाने की बात कही।
इस अवसर पर ग्रामीणों को नल-जल योजना के तकनीकी पहलुओं तथा उसके संचालन एवं रखरखाव की जानकारी भी दी गई। योजना का संचालन ग्राम पंचायत और स्थानीय समुदाय को सौंपे जाने पर ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सचिव दुर्गा डेविड शरणागत, उपसरपंच रत्तो बाई धुर्वे, पंच राजकुमार धुर्वे, रामदयाल उइके, रूपसिंह धुर्वे, संतलाल ताराम, सरिता टेकाम, रमसुला मरकाम सहित अन्य पंचगण एवं ग्रामीण उपस्थित थे। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की ओर से ब्लॉक समन्वयक फनीश रंगारे तथा पीएमयू समन्वयक शीतल मिश्रा एवं हरीश झा शामिल हुए। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सुरमिला शरणागत और पंप ऑपरेटर ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #minphemp