बल्देवगढ़ एवं खरगापुर में कृषि विभाग की औचक निरीक्षण कार्रवाई
--
अनियमितता पाए जाने पर निजी उर्वरक विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी
--
जिले में किसानों को उर्वरकों की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा उर्वरक विक्रय केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में उप संचालक कृषि श्री मनोज कश्यप द्वारा विकासखंड बल्देवगढ़ एवं खरगापुर में उर्वरक विक्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान मार्केटिंग सोसायटी, डबल लॉक उर्वरक वितरण केंद्र एवं निजी उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर उपलब्ध स्टॉक, विक्रय व्यवस्था तथा संबंधित अभिलेखों की जांच की गई। साथ ही विक्रेताओं को शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार किसानों को उर्वरक वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान निजी विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर पाई गई अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए जगदीश असाटी खाद भंडार बल्देवगढ़, ब्रजकिशोर असाटी केलपुरा, दुर्गा खाद भंडार, अनिल मशीनरी एवं पलया बीज भंडार खरगापुर को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। निरीक्षण दल में एसएडीओ श्रीमती महक खत्री, श्रीमती खुशबू खत्री (एईओ) एवं बीटीएम श्री कौशलेंद्र सिंह चौहान उपस्थित रहे।
उप संचालक कृषि श्री मनोज कश्यप ने स्पष्ट किया कि उर्वरक वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता, कालाबाजारी अथवा किसानों के हितों के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh