बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे डीएम और एसपी, राहत-बचाव कार्यों का लिया जायजा
हरदोई। जिलाधिकारी अनुनय झा एवं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बुधवार को तहसील बिलग्राम के बाढ़ प्रभावित ग्राम तिलमई खेड़ा और मालवा अखवेलपुर का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने जलस्तर, ग्रामीणों की समस्याओं और राहत-बचाव कार्यों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य पूरी तत्परता के साथ संचालित किए जाएं और ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बाढ़ से हुई फसल, गृह एवं अन्य क्षति का राजस्व टीमों से तत्काल आकलन कराने तथा आकलन पूरा होते ही पात्र प्रभावित परिवारों को अनुमन्य मुआवजा राशि शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने प्राथमिक विद्यालय तिलमई खेड़ा में स्थापित बाढ़ चौकी/बाढ़ शरणालय का भी निरीक्षण किया। यहां रह रहे लोगों से सीधे संवाद कर भोजन, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था समेत अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश देते हुए कहा कि शरणालय में रह रहे प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान के साथ सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
डीएम ने बाढ़ शरणालय में लगाए गए चिकित्सा शिविर का निरीक्षण कर दवाओं की उपलब्धता, मरीजों की संख्या और सामान्य बीमारियों की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सर्पदंश, बुखार, डायरिया और त्वचा रोग समेत अन्य सामान्य बीमारियों की दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा चिकित्सकीय टीमों को लगातार सक्रिय रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन हर परिस्थिति में उनके साथ है और घबराने की आवश्यकता नहीं है। इस दौरान डीएम एवं एसपी ने बाढ़ शरणालय में मौजूद बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को फल व बिस्किट वितरित किए तथा उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने भी पुलिस अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं और सुरक्षा को लेकर दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी बिलग्राम सहित राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Bilgram, Hardoi | Sep 10, 2026