हरदोई में निजी स्कूल की मनमानी का आरोप, एक ही सत्र में दो बार फीस बढ़ाने पर अभिभावक ने उठाए सवाल
हरदोई। सांडी क्षेत्र के #एपीएस पब्लिक इंटर कॉलेज तिराहा, सांडी में फीस बढ़ोतरी को लेकर अभिभावक ने स्कूल प्रबंधन पर मनमानी का आरोप लगाया है। ग्राम बमटापुर निवासी देवेंद्र सिंह का कहना है कि एक ही शैक्षणिक सत्र में फीस में दो बार बढ़ोतरी किए जाने से अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
अभिभावक के अनुसार अगस्त माह तक स्कूल की फीस 1700 रुपये ली जा रही थी, लेकिन इसके बाद अचानक 200 रुपये की बढ़ोतरी कर फीस 1900 रुपये कर दी गई। फीस बढ़ाने का कारण जानने के लिए जब स्कूल कार्यालय में फोन किया गया तो कार्यालय की महिला कर्मचारी ने कथित तौर पर बताया कि मैनेजर के निर्देश पर प्रत्येक बच्चे की फीस में 200 रुपये की वृद्धि की गई है।
आरोप है कि जब अभिभावक ने फीस बढ़ाने का आधार और कारण जानने के लिए स्कूल के मैनेजर से बात करने का प्रयास किया तो उन्होंने कथित तौर पर बार-बार फोन काट दिया और बातचीत नहीं की।
अभिभावक ने सवाल उठाया है कि यदि एक ही सत्र में पहले ही फीस में बढ़ोतरी की जा चुकी थी तो दोबारा फीस बढ़ाने का आधार क्या है। उनका कहना है कि अभिभावकों को फीस बढ़ोतरी के संबंध में स्पष्ट जानकारी दी जानी चाहिए।
निजी स्कूलों की फीस को लेकर लगातार सामने आ रही शिकायतों के बीच अभिभावकों ने जिलाधिकारी हरदोई से मामले का संज्ञान लेकर स्कूल की जांच कराने की मांग की है। अभिभावकों का कहना है कि शिक्षा विभाग को निजी विद्यालयों की फीस व्यवस्था की जांच कर यह स्पष्ट करना चाहिए कि फीस किस आधार पर बढ़ाई गई है।
अभिभावकों ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि निजी स्कूलों की कथित मनमानी पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। उनका आरोप है कि शिक्षा विभाग की निष्क्रियता के कारण अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।