नयागांव-दारुकुंईया मार्ग पर दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत, युवक-युवती घायल; 112-108 पर सूचना के घंटो बाद भी नही मिली सहायता
हरदोई। मल्लावां थाना क्षेत्र में बुधवार को नयागांव से दारुकुंईया के बीच ईंट भट्ठे के पास दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार एक युवक और एक युवती घायल हो गए। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायल सड़क पर मदद का इंतजार करते रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के तुरंत बाद डायल 112 और 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी गई, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी सहायता मौके पर नहीं पहुंची। बताया गया कि इंतजार लंबा होने पर घायलों को बाइक के जरिए अस्पताल भेजने की व्यवस्था करनी पड़ी।
वहीं, हादसे के बाद पुलिस की त्वरित सहायता को लेकर भी सवाल खड़े हुए। बताया गया कि C.C.T. टीम प्रभारी उपनिरीक्षक श्याम नारायण सिंह से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा। इसके बाद थाना प्रभारी को मामले की सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
हादसे में घायल युवक और युवती को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल हादसे की वजह और घायलों की स्थिति को लेकर पुलिस की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। वहीं, आपातकालीन सेवाओं को सूचना देने के बावजूद मदद पहुंचने में कथित देरी और C.C.T. टीम प्रभारी का फोन नहीं उठने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
Bilgram, Hardoi | Sep 10, 2026