#हरदोई: जिस बदहाल नाले की पटरी पर एक साल से नहीं बना रास्ता, उसी में गिरी कार; बड़ा हादसा टला
विकास नगर में नाले की पटरी खोदकर छोड़े जाने से हादसा, आवागमन को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश
हरदोई। तहसील सदर क्षेत्र के ग्राम महोलिया/शिवपार स्थित मोहल्ला विकास नगर में लंबे समय से बदहाल पड़े नाले की पटरी में मंगलवार को एक कार गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि कार सवारों को गंभीर चोट नहीं आई।
बताया जा रहा है कि विकास नगर के लोगों के आवागमन के लिए यही एकमात्र रास्ता है। नाले की सफाई के दौरान रास्ते की पटरी खोद दिए जाने के बाद से मार्ग गड्ढों और मलबे में तब्दील है। बारिश के कारण स्थिति और भी खराब हो गई है। इसी बदहाल मार्ग से गुजर रही कार अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी।
ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते की समस्या को लेकर करीब एक वर्ष पहले अधिकारियों से शिकायत की गई थी। तत्कालीन एसडीएम सदर ने मौके का निरीक्षण कर खंड विकास अधिकारी को नहर विभाग से एनओसी प्राप्त कर ग्राम पंचायत निधि से रास्ता बनवाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद आज तक मार्ग का निर्माण नहीं हो सका।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आईजीआरएस पर शिकायत का निस्तारण तो कर दिया गया, लेकिन जमीनी स्तर पर समस्या जस की तस बनी हुई है। अब इसी बदहाल रास्ते पर कार दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते रास्ते का निर्माण नहीं कराया गया तो आने वाले दिनों में बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने अधिकारियों से तत्काल मौके का निरीक्षण कर रास्ते को सुरक्षित कराने और पक्के मार्ग का निर्माण कराने की मांग की है।