रोते हुए जनता दरबार पहुंची युवती, जिला पदाधिकारी के सामने सुनाई फरियाद
जिला पदाधिकारी ने जनता दरबार में 74 शिकायतों की सुनवाई की, त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन के निर्देश
जहानाबाद : विभागीय दिशा-निर्देश के आलोक में आमजनों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए 11 सितंबर को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला स्तरीय जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में आमजनों की समस्याएं सुनी गईं।
जनता दरबार के प्रारंभ में जिला पदाधिकारी ने फरियादियों से अपील की कि भूमि विवाद एवं राजस्व से संबंधित मामलों को अंचल स्तर पर आयोजित जनता दरबार में लेकर जाएं। अंचल स्तर पर प्रत्येक शनिवार पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न एक बजे तक ऐसे मामलों की सुनवाई एवं निष्पादन किया जाता है। उन्होंने भूमि विवाद एवं राजस्व संबंधी मामलों के समाधान को अंचल स्तर पर प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में कुल 74 आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त हुईं। जिला पदाधिकारी ने प्रत्येक मामले की गंभीरतापूर्वक सुनवाई करते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
प्राप्त शिकायतों में सदर अस्पताल में मरीज के साथ मारपीट, मृत्यु के उपरांत आश्रित को मुआवजा भुगतान, रैयतीकरण, अतिक्रमण, एनएच-119डी एवं मंडई वियर परियोजना के रैयतों के मुआवजा भुगतान, भूमि मापी एवं कब्जा, भूमि विवाद, परिमार्जन, ट्राई साइकिल, स्वास्थ्य, विद्युत, कृषि, उद्योग, जन वितरण प्रणाली, ट्रांसफार्मर अधिष्ठापन, विद्युत विपत्र सुधार, पक्की सड़क निर्माण, चापाकल बोरिंग एवं नल-जल योजना की खराबी, नाली-गली निर्माण तथा सहकारी पेंशन भुगतान सहित अन्य मामले शामिल थे।
जिला पदाधिकारी ने एनएच-119डी एवं मंडई वियर परियोजना के रैयतों के मुआवजा भुगतान से संबंधित मामलों में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वाहन अनुबंध विस्तार के मामले में जिला पशुपालन पदाधिकारी तथा भूमि पर कब्जा दिलाने से संबंधित मामले में संबंधित अंचल अधिकारी को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
जन वितरण प्रणाली से संबंधित शिकायतों की जांच कर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। ट्रांसफार्मर अधिष्ठापन एवं विद्युत विपत्र सुधार से संबंधित मामलों में विद्युत विभाग, पक्की सड़क निर्माण के मामले में पथ निर्माण विभाग तथा विकास मित्र नियोजन से संबंधित मामले में जिला कल्याण पदाधिकारी को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
चापाकल बोरिंग एवं नल-जल योजना की खराबी से संबंधित शिकायतों पर लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को स्थल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। नाली-गली निर्माण, सफाई एवं मरम्मत से संबंधित मामलों में संबंधित पदाधिकारियों को जांच कर समाधान सुनिश्चित करने तथा दुकान पर कब्जा से संबंधित मामले में अनुमंडल पदाधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
भूमि विवाद से संबंधित मामलों में भूमि सुधार उप समाहर्ता को नियमानुसार सुनवाई एवं निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं परिमार्जन, जमीन पर कब्जा एवं भूमि मापी से संबंधित मामलों में संबंधित राजस्व पदाधिकारियों को अभिलेखों की जांच एवं आवश्यक स्थल सत्यापन करते हुए समयबद्ध कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों की गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ जांच करते हुए तार्किक, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं हो तथा प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा की जाए।
उन्होंने कहा कि ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ की भावना के अनुरूप आमजनों की समस्याओं का संवेदनशील, पारदर्शी, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
जनता दरबार में अपर समाहर्ता (विशेष कार्यक्रम) तेज नारायण राय, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) विनय कुमार सिंह, वरीय उप समाहर्ता होता इरफान, वरीय उप समाहर्ता नेहा कुमारी, सहायक निदेशक, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग विजेता रंजन, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी आकांक्षा गुप्ता, जिला कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।