साफ-सफाई की शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी, स्वच्छता गीत का भी शुभारंभ
जहानाबाद : शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर और जवाबदेह बनाने के लिए नगर परिषद ने नई पहल शुरू की है। अब सफाई से जुड़ी शिकायत और सुझाव के लिए नगरवासियों को 77629-77734 पर संपर्क करने की सुविधा मिलेगी। नगर परिषद की ओर से समर्पित हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है।
मुख्य पार्षद, वार्ड पार्षदों और सफाई कर्मियों की मौजूदगी में हेल्पलाइन नंबर का अनावरण किया गया। इसी अवसर पर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से स्वच्छता गीत का भी शुभारंभ किया गया।
जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने नगर परिषद के नवपदस्थापित कार्यपालक पदाधिकारी की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। हेल्पलाइन के माध्यम से सफाई से संबंधित समस्याओं की जानकारी प्रशासन तक तेजी से पहुंचेगी, जिससे उनके त्वरित निष्पादन में मदद मिलेगी।
उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि सफाई से संबंधित किसी भी समस्या, शिकायत या उपयोगी सुझाव के लिए 77629-77734 पर संपर्क करें। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही स्वच्छ, सुंदर और आदर्श जहानाबाद के संकल्प को साकार किया जा सकता है।