स्कूल में पहली बार लगा विधिक जागरूकता शिविर, विद्यार्थियों को बताए अधिकार
जहानाबाद : नालसा प्रज्ञा योजना के तहत आमजनों और विद्यार्थियों को उनके विधिक अधिकारों, कर्तव्यों और निःशुल्क कानूनी सेवाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से उच्च विद्यालय, धुरिया जामुक पंचायत में पहली बार विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विकास कुमार एवं सचिव ब्रजेश कुमार के निर्देशानुसार किया गया।
कार्यक्रम का संचालन पैनल अधिवक्ता देवरानी कुमारी और पारा विधिक स्वयंसेवक प्रतिमा कुमारी ने किया। इस दौरान विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। विद्यार्थियों को मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य, बाल अधिकार, शिक्षा का अधिकार, बाल विवाह, बाल श्रम और बाल संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। बच्चों के साथ होने वाले शोषण और उत्पीड़न के विरुद्ध उपलब्ध कानूनी सहायता के बारे में भी बताया गया।
पैनल अधिवक्ता देवरानी कुमारी ने विद्यार्थियों से कानून के प्रति जागरूक रहने और अपने अधिकारों का उचित उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह के अन्याय या शोषण की स्थिति में चुप नहीं रहना चाहिए। पारा विधिक स्वयंसेवक प्रतिमा कुमारी ने विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी दी।
विद्यालय के प्राचार्य ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को कानून और अधिकारों की जानकारी देना उन्हें जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने कानूनी सवालों के जवाब प्राप्त किए।
शीर्षक को अधि