TEJAS कार्यक्रम के माध्यम से नवादा में स्टार्टअप एवं उद्यमिता इकोसिस्टम को मिला बढ़ावा।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार के उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) के अंतर्गत Startup India द्वारा स्टार्टअप इकोसिस्टम के विकास, जमीनी स्तर पर नवाचार को बढ़ावा देने तथा युवाओं में उद्यमिता की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से TEJAS (Transforming Entrepreneurial Journeys Across States & Districts) कार्यक्रम का आयोजन राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, नवादा के सभागार में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी जिला पदाधिकारी-सह-उप विकास आयुक्त श्रीमती नीलिमा साहू, सहायक समाहर्त्ता श्री प्रिंस राज, संस्थान के प्राचार्य डॉ. रोशन कुमार एवं उद्योग विभाग की महाप्रबंधक श्री सुजात द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर DPIIT के निदेशक ऑनलाइन कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े तथा विभिन्न गतिविधियों में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पदाधिकारियों ने युवाओं को केवल नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार सृजक बनने तथा अपने innovative ideas को उद्यम में परिवर्तित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आने वाला समय Entrepreneurship का है। युवाओं को नई सोच, मेहनत, लगन एवं निरंतर प्रयास के साथ इस क्षेत्र में आगे बढ़ने की आवश्यकता है। जिला प्रशासन की ओर से उद्यमियों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया, जिसमें भूमि, विधि-व्यवस्था, स्वच्छता एवं अन्य प्रशासनिक आवश्यकताओं से संबंधित सहयोग शामिल है।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित उद्यमियों एवं स्थानीय स्टार्टअप्स द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉल रहे। पदाधिकारियों ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर उद्यमियों से उनके उत्पाद, व्यवसायिक गतिविधियों, कार्यप्रणाली, चुनौतियों एवं भविष्य की योजनाओं के संबंध में जानकारी ली तथा उनके प्रयासों एवं नवाचार की सराहना की।
प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) से लाभान्वित तसर उद्योग टेक्सटाइल्स, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना (PMFME) एवं मुख्यमंत्री उद्यमी योजना से लाभान्वित मिलेट, Startup Bihar से लाभान्वित पुष्पांजुरी सहित अन्य स्थानीय उद्यमियों द्वारा निर्मित उत्पादों का प्रदर्शन किया गया।
प्रभारी जिला पदाधिकारी-सह-उप विकास आयुक्त ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन करते हुए उद्यमियों से संवाद किया। उन्होंने उनके व्यवसाय, उपलब्धियों, समस्याओं एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली और नवाचार आधारित उद्यमों को प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में सफल स्टार्टअप एवं उद्यमियों ने अपनी सफलता की कहानियां भी साझा कीं। उन्होंने बताया कि वर्तमान मुकाम केवल एक दिन की मेहनत का परिणाम नहीं है, बल्कि इसके पीछे वर्षों का संघर्ष, निरंतर प्रयास, सीखने की प्रक्रिया और लक्ष्य के प्रति समर्पण रहा है। उनकी सफलता की कहानियां उपस्थित विद्यार्थियों एवं युवा प्रतिभागियों के लिए प्रेरणादायी रहीं तथा उन्हें अपने विचारों पर कार्य करने और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के दौरान Entrepreneurship Awareness, Mentorship, Capacity Building एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। विद्यार्थियों एवं युवा उद्यमियों को उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाते हुए अपने innovative ideas को व्यवसायिक रूप देने के लिए प्रेरित किया गया।
TEJAS कार्यक्रम के माध्यम से जिला प्रशासन, उद्योग विभाग, Startup India, शिक्षण संस्थानों, MSME एवं स्थानीय उद्यमियों को एक साझा मंच पर लाकर नवादा के स्टार्टअप एवं उद्यमिता इकोसिस्टम को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। कार्यक्रम ने युवाओं में नवाचार, आत्मनिर्भरता एवं रोजगार सृजन की भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर उद्यमिता के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी प्रदान करने का प्रभावी मंच उपलब्ध कराया।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Aug 22, 2026