‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ के सफल क्रियान्वयन हेतु जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित।
सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार सरकार के निर्देश के आलोक में आज दिनांक 21 अगस्त 2026 को समाहरणालय परिसर स्थित डीआरडीए सभागार, नवादा में ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ के सफल एवं सुचारू क्रियान्वयन हेतु जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों तथा शिक्षण संस्थानों के प्रधानों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त, नवादा श्रीमती नीलिमा साहू द्वारा की गई। प्रशिक्षण के दौरान एनआईसी एवं आईटी तकनीकी टीम द्वारा उपस्थित पदाधिकारियों एवं संस्थान प्रमुखों को ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ के संचालन, विद्यार्थियों से प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों के समयबद्ध एवं पारदर्शी निष्पादन तथा पोर्टल की ऑनलाइन प्रणाली के तकनीकी पहलुओं के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों की समस्याओं एवं विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदनों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। सभी संबंधित विभागों एवं शिक्षण संस्थानों को अपनी तकनीकी टीम के साथ समन्वय स्थापित करते हुए पोर्टल पर आवश्यक कार्यों एवं सूचनाओं को नियमित रूप से अद्यतन करने का निर्देश दिया गया।
साथ ही, छात्र कल्याण से संबंधित कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने तथा पोर्टल के माध्यम से प्राप्त मामलों के निष्पादन की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि विद्यार्थियों द्वारा दर्ज कराई गई समस्याओं एवं शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर नियमानुसार निष्पादन हो।
प्रशिक्षण के दौरान पोर्टल के प्रभावी संचालन के लिए विभागों एवं शिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय, आवेदनों के समयबद्ध निष्पादन तथा तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान को आवश्यक बताया गया। संबंधित पदाधिकारियों को पोर्टल के माध्यम से प्राप्त मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला पिछड़ा एवं अतिपिछड़ा वर्ग कल्याण पदाधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी, जिला सूचना एवं प्रौद्योगिकी पदाधिकारी, सिविल सर्जन, शिक्षा विभाग के सभी डीपीओ (DPO), सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) सहित महिला कॉलेज, वारिसलीगंज; एस.के.एम. कॉलेज; आर.एम.डब्ल्यू. कॉलेज एवं के.एल.एस. कॉलेज के प्राचार्य, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों के संचालक तथा संबद्ध छात्रावासों एवं संस्थानों के अधीक्षक अपनी-अपनी तकनीकी टीमों के साथ उपस्थित रहे।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Aug 21, 2026