उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, पैंगरी में आयोजित हुआ सखी वार्ता कार्यक्रम।
आज दिनांक 21 अगस्त 2026 को महिला एवं बाल विकास निगम, समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति योजना के अंतर्गत जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन एवं वन स्टॉप सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, पैंगरी, प्रखंड वारिसलीगंज में सखी वार्ता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को महिला एवं बाल सुरक्षा, उनके अधिकारों तथा सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सहायता एवं शिकायत निवारण सेवाओं के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की परामर्शी सुषमा कुमारी ने महिला हेल्पलाइन 181 के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि घरेलू हिंसा, उत्पीड़न, दुर्व्यवहार अथवा अन्य समस्याओं की स्थिति में महिलाएँ हेल्पलाइन के माध्यम से आवश्यक सहायता एवं मार्गदर्शन प्राप्त कर सकती हैं। साथ ही, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के संबंध में जानकारी देते हुए बाल शोषण, बाल विवाह, बाल मजदूरी, गुमशुदगी अथवा संकट की स्थिति में सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन के लैंगिक विशेषज्ञ पंकज कुमार ने पॉक्सो अधिनियम (POCSO Act) के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को अनुचित स्पर्श, व्यवहार अथवा किसी भी प्रकार के शोषण की स्थिति में चुप न रहने तथा अभिभावक, शिक्षक अथवा विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी देने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में बाल अधिकार, साइबर अपराध एवं साइबर ठगी पर भी विशेष चर्चा की गई। विद्यार्थियों को मोबाइल, सोशल मीडिया एवं ऑनलाइन लेन-देन के सुरक्षित उपयोग तथा OTP, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की सलाह दी गई। साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर क्राइम हेल्पलाइन-1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अपनी जिज्ञासाओं एवं प्रश्नों के माध्यम से सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को महिला एवं बाल सुरक्षा को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए हिंसा, शोषण अथवा अपराध की स्थिति में समय पर उचित सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Aug 21, 2026