सेवा संकल्प माह को लेकर सीडीओ ने की बैठक, विभागवार माइक्रो प्लान तैयार करने के निर्देश
हरदोई। मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित स्वर्ण जयंती सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प माह’ की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को विभागवार माइक्रो प्लान तैयार करने, पात्र लाभार्थियों को शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने और जनकल्याणकारी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार समयबद्ध एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
सीडीओ ने शासन से प्राप्त निर्देशों का पूर्ण अनुपालन करते हुए सभी कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित करने और व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने जनजागरूकता अभियानों में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों से संबंधित सभी गतिविधियों का अभिलेखीकरण किया जाए और निर्धारित स्तर पर समय से आख्या भेजी जाए। कार्यक्रम स्थलों पर स्वच्छता, पेयजल, विद्युत, सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने विभागों से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए तैयारियों को अंतिम रूप देने को कहा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय में तैयारियां पूर्ण करने तथा कार्यक्रमों में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Bilgram, Hardoi | Sep 12, 2026