फिरोजाबाद विश्व पर्यटन दिवस: नीब करौरी धाम में DM ने 120 विद्यार्थियों से किया संवाद, बाबा के सिद्धांतों को जीवन में उतारने की अपील
फिरोजाबाद। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर जनपद के प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थल नीब करौरी धाम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने आर्य गुरुकुल संस्कृत महाविद्यालय सिरसागंज के 120 विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने छात्रों के सांस्कृतिक प्रश्नों के उत्तर दिए और उनसे भी प्रश्न पूछे। उन्होंने कहा कि ज्ञान अर्जन एक निरंतर प्रक्रिया है, इसकी कोई उम्र नहीं होती। अंग्रेजी कहावत "When you know more, you realise how less you know" का उल्लेख करते हुए उन्होंने छात्रों को जिज्ञासु बने रहने और करियर के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा दी।
संवाद के दौरान बाबा नीब करौरी के जीवन सिद्धांतों और कैंची धाम, वृंदावन, ऋषिकेश आदि स्थलों पर चर्चा हुई। सही उत्तर देने वाले छात्र नितेश को मंच पर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि बाबा के "सभी से प्रेम करो, असमर्थों की सेवा करो" के सिद्धांत को जीवन में आत्मसात करें।
मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने कहा कि बाबा के संदेशों को आत्मसात करने से ही धरा पर शांति आएगी।
इस अवसर पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने महाविद्यालय के 115 विद्यार्थियों व 5 शिक्षकों के दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही होमस्टे संचालकों देवेश कुमार, शशिकांत सौरभ, काका शिवाजी और हेमंत को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम में एसडीएम दिव्या सिंह, जिला पर्यटन अधिकारी विशाल श्रीवास्तव, प्राचार्य सत्यकांत तोमर, बीडीओ नवीन कुमार आदि उपस्थित रहे। संचालन शिवाकांत पलिया ने किया।