फिरोजाबाद रोजगार मिशन के तहत जिला कार्यकारिणी समिति की बैठक संपन्न, पंजीयन पर जोर
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत शनिवार को जिला कार्यकारिणी समिति की बैठक जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने जिला सेवायोजन अधिकारी को निर्देश दिए कि जिले के अधिक से अधिक अभ्यर्थियों का रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीयन सुनिश्चित कराया जाए। जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि सभी अभ्यर्थी सेवायोजन विभाग के पोर्टल *rojgaarsangam.up.gov.in* पर जॉबसीकर के रूप में अपना पंजीयन अवश्य कराएं।
उन्होंने बताया कि पंजीयन होने से समय-समय पर आयोजित होने वाले रोजगार मेला, आउटसोर्सिंग भर्तियों एवं विदेश में नौकरी के अवसरों के लिए आवेदन किया जा सकेगा। इससे कुशल, अर्द्धकुशल व अकुशल बेरोजगार अभ्यर्थियों को जिले में ही रोजगार के अवसर मिल सकेंगे और अंतिम समय में होने वाली कठिनाइयों से भी बचा जा सकेगा।
साथ ही जिले के सभी नियोजकों से भी अपील की गई है कि वे रोजगार संगम पोर्टल पर नियोजक के रूप में अपना पंजीयन कराना सुनिश्चित करें, ताकि जिले के बेरोजगार युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार उपलब्ध कराया जा सके।