मक्खनपुर में हीरो एजेंसी के बगल में बनी दुकान पर चला बुलडोजर, धरने के बाद प्रशासन ने की कार्रवाई
फिरोजाबाद। थाना मटसेना क्षेत्र के मक्खनपुर में हीरो एजेंसी के बगल में जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के मामले में प्रशासन ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। सिटी मजिस्ट्रेट विनोद पांडेय और सीओ सदर संतोष कुमार की मौजूदगी में कथित अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया गया।
बताया गया है कि उक्त जमीन को लेकर पीड़ित पक्ष द्वारा काफी दिनों से जिला मुख्यालय पर धरना दिया जा रहा था। धरने के बाद प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच कराई, जिसके बाद आज पुलिस व प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची।
कार्रवाई के दौरान हीरो एजेंसी के बगल में बनी दुकान समेत किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। इस दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।
प्रशासन का कहना है कि अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई नियमानुसार की गई है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, वहीं प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।