हरदोई में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 622 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ
हरदोई। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शुक्रवार को लखनऊ चुंगी स्थित सीएसएन पीजी कॉलेज में सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकासखंडों और नगर निकायों से आए कुल 622 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। समारोह में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी सदर, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें आशीर्वाद दिया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेटियों की शादी के लिए सहायता मिल रही है। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आपसी प्रेम, सहयोग और सामंजस्य के साथ जीवन बिताने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि योजना समाज में सामाजिक समरसता और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत कर रही है। सरकार की इस पहल से गरीब परिवारों को विवाह के खर्च का बोझ कम करने में मदद मिल रही है।
योजना के तहत प्रति जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च किए जाने का प्रावधान बताया गया। इसमें 64 हजार रुपये कन्या के खाते में हस्तांतरित किए जाने, 21 हजार रुपये की वैवाहिक सामग्री उपलब्ध कराने तथा 15 हजार रुपये आयोजन पर खर्च किए जाने की जानकारी दी गई।
नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी की शुरुआत के लिए साड़ी, ब्लाउज, पेटीकोट, चुनरी, वर के लिए कपड़े, डिनर सेट, प्रेशर कुकर, ट्रॉली बैग, दीवार घड़ी, सीलिंग फैन, प्रेस, बेडशीट, तकिया, कंबल, गद्दा, चूड़ियां, कंगन, वैनिटी किट सहित अन्य घरेलू उपयोग की सामग्री प्रदान की गई।
कार्यक्रम का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समारोह में उपस्थित नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों में उत्साह देखने को मिला।
Bilgram, Hardoi | Oct 16, 2026