हरदोई में कांग्रेस की नंगे पैर गांधीवादी पदयात्रा, एसपी और डीआईओएस को सौंपे ज्ञापन
हरदोई। जिला कांग्रेस कमेटी और शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को गांधी प्रतिमा, तिकुनिया पार्क से पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक नंगे पैर गांधीवादी पदयात्रा निकाली गई। कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता ‘रघुपति राघव राजा राम’ भजन गाते हुए पदयात्रा में शामिल हुए। कांग्रेस ने पार्टी कार्यालय के बाहर कथित आपत्तिजनक प्रदर्शन, बैनर और राहुल गांधी के चित्र पर कालिख लगाए जाने तथा बाल विद्या भवन विद्यालय परिसर में कथित राजनीतिक गतिविधि आयोजित किए जाने के मामलों में कार्रवाई की मांग की।
पदयात्रा के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसपी को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय में उनके स्टेनो को दूसरा ज्ञापन दिया गया। कांग्रेस नेताओं ने दोनों मामलों में तीन से पांच दिन के भीतर प्रभावी कार्रवाई शुरू करने की मांग करते हुए ऐसा न होने पर चरणबद्ध लोकतांत्रिक आंदोलन की चेतावनी दी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम पांडे ने कहा कि पार्टी कार्यालय के बाहर बैनर, प्रतीकों और राहुल गांधी के चित्र पर कथित रूप से कालिख लगाए जाने का मामला गंभीर है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन राजनीतिक विरोध के नाम पर किसी पार्टी के कार्यालय और प्रतीकों का अपमान स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने बताया कि एसपी को सौंपे गए ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष जांच, प्राथमिकी दर्ज करने, सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने और उपलब्ध फोटो, वीडियो व सोशल मीडिया सामग्री को जांच में शामिल करने की मांग की गई है। साथ ही अज्ञात आरोपियों की पहचान कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम दीक्षित ने कहा कि कांग्रेस का विरोध लोकतांत्रिक मूल्यों, राजनीतिक मर्यादा और न्याय की मांग को लेकर है। उन्होंने बाल विद्या भवन विद्यालय परिसर में कथित राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने के मामले में भी निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि कार्यक्रम की अनुमति किसने दी, विद्यालय प्रबंधन की क्या भूमिका रही और निर्धारित नियमों का पालन किया गया या नहीं। यदि नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि गांधीवादी विचारधारा में विश्वास के चलते नंगे पैर पदयात्रा निकालकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया गया है। निर्धारित अवधि में संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने पर जिला और शहर कांग्रेस कमेटी आपसी समन्वय से आगे के आंदोलन की रूपरेखा तय करेंगी।
पदयात्रा में जिला कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम पांडे, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम दीक्षित, पूर्व जिलाध्यक्ष अजय सिंह, डॉ. राजीव सिंह, पूर्व एमएलसी अवध कुमार सिंह बागी, युवा जिला अध्यक्ष मोहन सिंह, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष ज्ञान प्रकाश पाल, विधिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष राम बहरी, अजीत सिंह चंदेल, भुट्टो मियां, गुफरान कौशल, श्याम प्रकाश त्रिपाठी, आफताब हैदर, मंजूलता मित्रा, पीपी वर्मा, शिवा पाल, रूपलाल कोरी, बृजेश रावत, जिला पंचायत सदस्य मोहिनी देवी, उमा राजवंशी, सोमा सैनी, अनुजा सिंह, आलोक त्रिवेदी, श्रवण राजपूत, वसीम खान, शरीफ अहमद, शशिकांत तिवारी, आशीष पाल, रामनरेश अर्कवंशी, नसीम वारसी, राजकुमार सिंह, गोपाल पांडे, शिल्पी वर्मा, संध्या वर्मा, सर्वेश कुशवाहा, विनोद यादव, ममता पाल, महताब अहमद, जमील अहमद, महेंद्र सिंह तोमर और हरिओम त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Bilgram, Hardoi | Oct 15, 2026