दीपावली पर सर्राफा बाजार की सुरक्षा को लेकर बिलग्राम पुलिस अलर्ट, व्यापारियों संग बैठक कर दिए सतर्कता के निर्देश
हरदोई। दीपावली के त्योहार को देखते हुए बिलग्राम पुलिस ने सर्राफा बाजार की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की पहल की है। इसी क्रम में पुलिस और सर्राफा व्यापारियों के बीच बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और आभूषण बाजारों की निगरानी को लेकर चर्चा हुई।
व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता के प्रतिष्ठानों पर आयोजित बैठक में बिलग्राम कोतवाल और कस्बा इंचार्ज ने व्यापारियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान बाजारों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
पुलिस ने व्यापारियों से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों के आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। साथ ही, बाजारों में भीड़ को व्यवस्थित रखने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।
बैठक में व्यापारियों ने भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने का भरोसा दिया। पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर दीपावली के दौरान बाजारों को सुरक्षित रखने पर जोर दिया गया।
Bilgram, Hardoi | Oct 15, 2026