हरदोई में छात्रा शिवी मिश्रा बनीं एक दिन की सांडी थानाध्यक्ष, सुनी फरियादियों की समस्याएं
हरदोई। सांडी थाने में मिशन शक्ति अभियान के तहत गुरुवार को ‘नव दुर्गा, नव संकल्प’ अभियान के पंचम दिवस पर विशेष पहल की गई। श्री देव दरबार आश्रम इंटर कॉलेज की कक्षा 12 की छात्रा शिवी मिश्रा को एक दिन का थानाध्यक्ष बनाया गया। इस दौरान उन्होंने थाने में जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण की प्रक्रिया को समझा।
एक दिन की थानाध्यक्ष बनीं शिवी मिश्रा ने मिशन शक्ति केंद्र, आईजीआरएस कार्यालय और महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। पुलिसकर्मियों ने उन्हें थाने की कार्यप्रणाली, महिला सुरक्षा और पुलिस की विभिन्न जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी।
इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराना तथा महिला सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। मिशन शक्ति के माध्यम से छात्राओं को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने और जरूरत पड़ने पर पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
रिपोर्ट: देवेंद्र सिंह
Bilgram, Hardoi | Oct 15, 2026