हरदोई में किसान मेले का आयोजन, नितिन अग्रवाल ने किसानों को आधुनिक खेती अपनाने के लिए किया प्रेरित
हरदोई। अंतरराष्ट्रीय ग्रामीण महिला दिवस एवं राष्ट्रीय महिला किसान दिवस के अवसर पर गुरुवार को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत संभागीय कृषि परीक्षण एवं प्रदर्शन केंद्र, बिलग्राम चुंगी के निकट जनपद स्तरीय रबी उत्पादकता गोष्ठी, किसान मेला एवं कृषि ज्ञान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आबकारी एवं मद्य निषेध विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल और विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों और प्रदर्शनियों का अतिथियों ने अधिकारियों एवं किसानों के साथ अवलोकन किया। इस दौरान किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं, आधुनिक कृषि तकनीकों और उन्नत खेती के तरीकों की जानकारी दी गई।
मुख्य अतिथि नितिन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में किसानों की आय बढ़ाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। किसान इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि किसान मेले का उद्देश्य किसानों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना और उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण पर जोर देते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार लाना और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ महिलाओं की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाना चाहिए।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने कहा कि महिलाएं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बन रही हैं। सिलाई, कढ़ाई, डेयरी, खाद्य प्रसंस्करण, हस्तशिल्प और लघु उद्योग जैसे क्षेत्रों में महिलाएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। अब महिलाएं केवल रोजगार प्राप्त करने वाली ही नहीं, बल्कि दूसरों को रोजगार देने वाली भी बन रही हैं।
बावन ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि किसान मेले का मुख्य उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूक करना, कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाना और किसानों की आय में वृद्धि करना है। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर खेती की लागत कम करने की अपील की।
उप कृषि निदेशक एवं उप कृषि निदेशक (शोध) डॉ. राजेश कुमार ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, संतुलित उर्वरक प्रयोग, उन्नतशील बीजों का चयन, फसल विविधीकरण, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, कृषि यंत्रीकरण और फसल अवशेष प्रबंधन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसान कृषि विशेषज्ञों से तकनीकी जानकारी प्राप्त कर वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाएं, जिससे उत्पादन में वृद्धि हो सके और खेती अधिक लाभकारी बने।
कार्यक्रम में जिला कृषि अधिकारी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, कृषि विज्ञान केंद्र हरदोई एवं संडीला के वैज्ञानिकों और अधिकारियों सहित कृषि विभाग के विभिन्न कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
Bilgram, Hardoi | Oct 15, 2026