साइबर अपराध व डिजिटल अरेस्ट पर हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, मुख्य सचिव ने दिए आवश्यक निर्देश
जहानाबाद :
मुख्य सचिव, बिहार की अध्यक्षता में शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के माध्यम से साइबर अपराध एवं डिजिटल अरेस्ट की रोकथाम को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रगति एवं समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्यभर में बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, ऑनलाइन ठगी की घटनाओं की रोकथाम तथा त्वरित कार्रवाई की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
जिले की ओर से जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से बैठक में भाग लिया। उनके साथ अपर समाहर्ता, पुलिस उपाधीक्षक (साइबर क्राइम) सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान जिले में साइबर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, डिजिटल फ्रॉड (ऑनलाइन धोखाधड़ी) के मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने, साइबर अपराधियों पर प्रभावी निगरानी रखने तथा आम लोगों को जागरूक करने के उपायों की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने सभी जिलों को निर्देश दिया कि साइबर अपराध से जुड़े मामलों में त्वरित अनुसंधान, तकनीकी संसाधनों का बेहतर उपयोग तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्रवाई की जाए।
जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही लोगों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन लेनदेन के झांसे में न आएं तथा किसी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी साइबर थाना/पुलिस से संपर्क करें।