रात में थानों में चला विशेष केस डायरी लेखन सत्र
जहानाबाद : पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के निर्देश पर शनिवार की रात जिले के सभी थाना परिसरों में विशेष केस डायरी लेखन सत्र आयोजित किया गया। थानाध्यक्षों के नेतृत्व में अनुसंधानकर्ताओं ने लंबित कांडों से संबंधित केस डायरी को अद्यतन करने के साथ अनुसंधान की प्रगति की समीक्षा की।
सत्र का उद्देश्य अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन में तेजी लाना तथा केस डायरी लेखन के दौरान आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों का मौके पर समाधान करना था। इस दौरान अनुसंधानकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने कांडों के अनुसंधान में गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने पर जोर दिया।