21 से पटना-हुलासगंज के बीच चलेगी पिंक बस, समाहरणालय से होगा शुभारंभ
जहानाबाद : महिलाओं को सुरक्षित और सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) की ओर से पटना से हुलासगंज के बीच पिंक बस सेवा शुरू की जाएगी। इसका परिचालन 21 सितंबर से शुरू होगा। सेवा के शुभारंभ को लेकर जिला प्रशासन की ओर से तैयारी की जा रही है।
जिला पदाधिकारी ने इस संबंध में बिहार विधानसभा सदस्य ऋतुराज कुमार को पत्र भेजकर कार्यक्रम में शामिल होने का अनुरोध किया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार को सुबह 9:30 बजे समाहरणालय परिसर से पिंक बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
बस सेवा का उद्देश्य महिलाओं को पटना और जहानाबाद के हुलासगंज के बीच सुरक्षित एवं सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराना है। बीएसआरटीसी द्वारा संचालित इस बस सेवा के शुरू होने से हुलासगंज क्षेत्र के यात्रियों को पटना आने-जाने में सुविधा मिलने की उम्मीद है। जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।