पूर्व सांसद अरुण कुमार के गांव में सोलर लाइट के पुराने विवाद में ताबड़तोड़ गोलीबारी, तीन खोखा बरामद।
काको थाना क्षेत्र के मनियावां गांव में रविवार को सोलर लाइट को लेकर चल रहे पुराने विवाद में गोलीबारी की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि पूर्व सांसद अरुण कुमार के गांव में विवाद के दौरान ताबड़तोड़ कई राउंड गोली चली। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही काको थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखा बरामद किया है। पुलिस आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ ही गोलीबारी में शामिल लोगों की पहचान करने में लगी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सोलर लाइट को लेकर पूर्व से विवाद चला आ रहा था। इसी विवाद को लेकर रविवार को दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद गोलीबारी की घटना हुई। हालांकि, गोलीबारी में किसी के घायल होने की तत्काल सूचना नहीं है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटनास्थल से तीन खोखा बरामद हुआ है। गोलीबारी के कारणों और इसमें शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।