सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “नमो सेवा - अनकही कहानियां” नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार
====
मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत जिले में विभिन्न स्थानों पर “नमो सेवा - अनकही कहानियां” शीर्षक से नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 17 सितम्बर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक जनसेवा, जनभागीदारी, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने, स्वच्छता एवं सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने तथा विकसित भारत के संकल्प से अधिकाधिक नागरिकों को जोड़ने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत 21 सितम्बर से 5 अक्टूबर 2026 तक आयोजित “नमो सेवा - अनकही कहानियां” कार्यक्रम में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से आमजन के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों तथा सेवा एवं विकास के क्षेत्र में हुए महत्वपूर्ण कार्यों को नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा रहा है। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
जिले के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर आयोजित इन कार्यक्रमों में शासकीय हायर सेकेंडरी विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों को शामिल किया गया है, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का लाभ प्राप्त कर सकें।
इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का मंचन मुक्ति सामाजिक एवं सांस्कृतिक मंच, दमोह द्वारा संस्कृति विभाग से स्वीकृत स्क्रिप्ट के आधार पर किया जा रहा है। कलाकारों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की प्रेरक कहानियों, स्वच्छता, सामाजिक सहभागिता, आत्मनिर्भरता, महिला सशक्तिकरण तथा सामाजिक विकास के संदेशों को आकर्षक एवं संवादात्मक शैली में प्रस्तुत किया जा रहा है।
आज विकासखंड तेंदूखेड़ा एवं पटेरा के विभिन्न स्थलों पर नुक्कड़ नाटकों की प्रस्तुतियां आयोजित की गईं, जिनमें बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, विद्यार्थी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। प्रस्तुतियों के माध्यम से शासन की योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने तथा नागरिकों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का संदेश दिया गया। कार्यक्रमों का सफल मंचन मुक्ति सामाजिक एवं सांस्कृतिक मंच, दमोह के कलाकारों द्वारा किया गया।
1 views | Damoh, Madhya Pradesh | Sep 22, 2026