मेरे सपनों का भारत’ में विद्यार्थियों ने चित्रों और भाषण से दिखाई विकसित भारत की कल्पना सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पीएम श्री पी.जी महाविद्यालय में चित्र एवं भाषण प्रतियोगिता, विजेता पुरस्कृत और सभी प्रतिभागी सम्मानित
===
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सेवा और समर्पण के 25 वर्षों की अनवरत यात्रा के अवसर पर आयोजित “सेवा संकल्प अभियान-2026” के अंतर्गत शासकीय पीएम श्री पीजी महाविद्यालय दमोह में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्र एवं भाषण प्रतियोगिता एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में ज़िले के महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने चित्रों और विचारों के माध्यम से विकसित, आत्मनिर्भर एवं सशक्त भारत की परिकल्पना प्रस्तुत की। सेवा संकल्प अभियान में विद्यार्थियों की रचनात्मक एवं वैचारिक अभिव्यक्ति को मंच देने के लिए इस प्रकार की गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
कार्यक्रम में चित्र एवं भाषण प्रतियोगिता की प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया, वहीं प्रतियोगिता में शामिल अन्य सभी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्याम शिवहरे, अध्यक्षता जिला पंचायत दमोह अध्यक्ष रंजीता पटेल ने की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्याम शिवहरे ने कहा विद्यार्थियों के सपनों और उनकी कल्पनाओं में ही आने वाले भारत की तस्वीर दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि युवा केवल देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान में भी राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करते हुए विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
जिला पंचायत दमोह अध्यक्ष रंजीता पटेल ने कहा ‘मेरे सपनों का भारत’ जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी सोच और प्रतिभा को अभिव्यक्त करने का अवसर देती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने चित्रों और भाषणों के माध्यम से जिस भारत की कल्पना प्रस्तुत की है, उसमें शिक्षा, स्वच्छता, तकनीकी प्रगति, आत्मनिर्भरता और सामाजिक समरसता जैसे विषयों को स्थान मिला है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
मनीष तिवारी ने कहा अभियान का उद्देश्य सेवा, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभा को सामने लाने के लिए चित्र एवं भाषण जैसी प्रतियोगिताएं प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में सहभागिता करने वाले सभी विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार विद्यार्थियों के लिए केवल सम्मान नहीं, बल्कि आगे बेहतर करने की प्रेरणा भी हैं। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अन्य उपस्थितजनों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।