छात्रावासों में छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास हेतु गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास जारी, विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन
--------
खेल प्रशिक्षकों एवं पीटीआई की देखरेख में वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो और बैडमिंटन सहित विभिन्न खेलों में भाग ले रहे विद्यार्थी
बड़वानी 09 सितम्बर 2026/जनजातीय कार्य विभाग द्वारा बड़वानी जिले के समस्त विकासखंडों में संचालित छात्रावासों एवं संस्थाओं में अध्ययनरत बालक-बालिकाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए विशेष पहल की जा रही है।
सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग बड़वानी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले के सभी विकासखंडों में कार्यरत खेल प्रशिक्षकों एवं पीटीआई (शारीरिक शिक्षक) को निर्देश जारी किए गए हैं कि वे छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों से जोड़ें और उन्हें विभिन्न स्पर्धाओं के लिए तैयार करें।
खेल प्रशिक्षकों तथा पीटीआई द्वारा छात्रावासों और संस्थाओं में नियमित रूप से खेल सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों को उनकी रुचि के अनुसार मैदान में उतारकर तकनीक और नियमों की जानकारी दी जा रही है। वर्तमान में छात्रावासों में मुख्य रूप से निम्नलिखित कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल एवं रस्सी कूद,बैडमिंटन, टेबल टेनिस तथा क्रिकेट खेल गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है ।
शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान
विभाग का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ग्रामीण व जनजातीय अंचलों के दूर-दराज क्षेत्रों से आकर छात्रावासों में रहने वाले बच्चों को एक स्वस्थ वातावरण मिले। इन खेल गतिविधियों से न केवल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है, बल्कि उनमें टीम भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का भी विकास हो रहा है। आने वाले समय में इन संस्थाओं से प्रतिभावान खिलाड़ियों को चिह्नित कर उन्हें जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा।