*नर्मदा तट की माटी से विघ्नहर्ता श्री गणेश प्रतिमा को आकार दे रहे हैं आशाग्राम के मनोरोगी*
बड़वानी 09 सितम्बर 2026/विघ्नहर्ता मंगलकर्ता गणपति गणराज के आगमन बेला में आशाग्राम ट्रस्ट द्वारा संचालित निराश्रित मनोरोगियों के आशा आश्रय गृह में भी उपचारित मनोरोगी माटी की गणेश प्रतिमा को दे रहे हैं आकार । हर वर्ष की तरह आशा आश्रय गृह में जहां मां नर्मदा की पवित्र माटी से गणेश प्रतिमा का निर्माण कर गणेश स्थापना से दस दिवसीय आयोजन धूमधाम से मनाया जाता है ।वही आने वाले लोगों को भी माटी से बनी मनोरोगीयो के हाथों से निर्मित प्रतिमाएं भेंट स्वरूप दी जाती है। कलेक्टर एवं ट्रस्ट के चेयरमैन श्रीमती जयति सिंह के मार्गदर्शन में आश्रय गृह के मनोरोगी एक और कैनवास पर सुंदर आकृतियां निर्मित कर रहे हैं वहीं सनातनी संस्कृति के त्योहारों को भी अपनी सृजन शैली से संवार रहे हैं। इसी कड़ी में कलेक्टर श्रीमती सिंह की प्रेरणा से माटी के श्री गणेश प्रतिमा निर्माण का कार्य किया जा रहा है। ट्रस्ट के सचिव डॉ चक्रेश पहाड़िया ने बताया आश्रय गृह में मनोरोग विशेषज्ञ डॉ राहुल पाटीदार के उपचार एवं आश्रय गृह का पर्यावरणीय हितेषी परिवेश के साथ-साथ ध्यान, साधना, अध्यात्म एवं विभिन्न सृजनात्मक गतिविधियों से मनोरोग के उपचार में शीघ्र परिणाम प्राप्त हो रहे है। आश्रय गृह की केयरटेकर श्रीमती साधना भावसार एवं कन्या महाविद्यालय बड़वानी की छात्राएं जो की आशाग्राम में इंटर्नशिप के लिए आए हैं उनके द्वारा मनोरोगियों को माटी के गणेश प्रतिमा निर्माण में मार्गदर्शन प्रदान कर उनके कौशल को निखार रही है।